Home » देश-परदेस » स्वच्छ सर्वेक्षण में हिमाचल का गौरव बढ़ा, ठियोग देश के टॉप-20 शहरों में

स्वच्छ सर्वेक्षण में हिमाचल का गौरव बढ़ा, ठियोग देश के टॉप-20 शहरों में

Facebook
Twitter
WhatsApp

शिमला। स्वच्छ सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नगर परिषद ठियोग ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में स्थान बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छता के क्षेत्र में ठियोग की इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से वर्ष 2016 में शुरू किया गया स्वच्छ सर्वेक्षण देशभर के शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वच्छता, साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सतत स्वच्छता व्यवस्था के आधार पर मूल्यांकन एवं रैंकिंग करता है। इसका उद्देश्य शहरी निकायों के बीच स्वच्छता को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर स्वच्छता व्यवस्था विकसित करना है।

स्वच्छ सर्वेक्षण के अब तक आयोजित नौ संस्करणों में हिमाचल प्रदेश ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार और सम्मान हासिल किए हैं। इस वर्ष की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हिमाचल को पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मान प्राप्त होने जा रहा है।
प्रदेश को स्वच्छ, हरित और उच्च स्वच्छता मानकों वाला राज्य बनाने के लिए सरकार की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन में शहरी निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार तथा नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सरकार के इन प्रयासों, नियमित निगरानी और शहरी स्थानीय निकायों के सामूहिक सहयोग का परिणाम अब सामने आया है। नगर परिषद ठियोग का देश के टॉप-20 शहरी स्थानीय निकायों में शामिल होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
गौर हो की इससे पहले हिमाचल प्रदेश की रैकिंग 500 से भी ऊपर थी, लेकिन शहरी विकास विभाग के प्रयासों से अब नगर परिषद ठियोग का देश के टॉप-20 शहरी स्थानीय निकायों में शामिल हुआ है।
यह उपलब्धि केवल नगर परिषद ठियोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों तथा आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रही है। इससे प्रदेश में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी और प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को भी मजबूती मिली है।
शहरी विकास विभाग के निदेशक डॉ. नीरज कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता का स्तर और बेहतर बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि हिमाचल प्रदेश भविष्य के स्वच्छ सर्वेक्षणों में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *