Home » देवभूमि हिमाचल » टैक्सी ऑपरेटरों की मांगों पर गोल-गोल जवाब देने के बजाय समाधान निकाले सरकार : जयराम ठाकुर

टैक्सी ऑपरेटरों की मांगों पर गोल-गोल जवाब देने के बजाय समाधान निकाले सरकार : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला के चौड़ा मैदान में अपनी टैक्सियों की परमिट अवधि 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे टैक्सी ऑपरेटरों को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त करवाया। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जाएगा और सरकार की जवाबदेही तय की जाएगीइस मामले में केंद्र सरकार से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा, वह सहयोग भी दिलाया जाएगा। उनकी समस्याएं केंद्र सरकार तक पहुंचाई जाएंगी।

 

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा में भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को उठाया, लेकिन परिवहन मंत्री ने समाधान निकालने के बजाय गोल-गोल जवाब दिए। सरकार ने बातचीत के बजाय पुलिस के माध्यम से अनशनकारियों को बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया। किसी की आवाज को दबाने का दमनकारी तरीका लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है। हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर कोई पहली बार प्रदर्शन नहीं हुआ है। सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बर्बरता नहीं कर सकती है। सरकार को उनकी मांग सुनकर समाधान निकालना चाहिए था। उन्होंने डीसी शिमला से बात कर बरसात से बचने के लिए टैक्सी ऑपरेटरों को टेंट लगाने की अनुमति देने का आग्रह भी किया।

जयराम ठाकुर ने सभी अनशनकारियों से रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार परिवार के साथ मनाने के लिए आमरण अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिया कि उनकी मांग विधानसभा, प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के समक्ष रखी जाएगी और संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाएगा। उनके आश्वासन पर सभी अनशन समाप्त करने को सहमत हुए और जयराम ठाकुर ने जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ हो तो किसी भी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में टैक्सी ऑपरेटरों की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए उनकी सरकार ने परिवहन सेवाओं में लगी टैक्सियों, बसों सहित सभी वाहनों का दो वर्ष का टैक्स माफ किया था। जिन ऑपरेटरों ने टैक्स जमा कर दिया था, उनका पैसा भी वापस किया गया। पत्रकारों से बातचीत में टैक्सी ऑपरेटरों ने उस समय को याद करते हुए बताया कि जयराम ठाकुर ने सचिवालय में उनकी बात सुनी और तत्काल राहत देने का निर्णय लिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते लिए गए इस उदारतापूर्ण फैसले की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमाचल की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और टैक्सी ऑपरेटर इसके महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। सरकार यदि मदद करना चाहती है तो समाधान निकाला जा सकता है। हर बात के लिए केंद्र को दोष देने के बजाय प्रदेश सरकार अपनी जवाबदेही तय करे और टैक्सी ऑपरेटरों की जायज मांग का समाधान निकाले।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें