Home » देवभूमि हिमाचल » संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा, मोदी के नेतृत्व में मजबूत हुए संवैधानिक मूल्य : जयराम ठाकुर

संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा, मोदी के नेतृत्व में मजबूत हुए संवैधानिक मूल्य : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा, देश की एकता–अखंडता और नागरिकों के अधिकारों का आधार है। 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। यह दिन हमें संविधान निर्माताओं, के अतुलनीय योगदान का स्मरण कराता है। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार देता है तथा राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है।

 

जयराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संविधान दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की शुरुआत वर्ष 2015 में डॉ भीमराव अंबेडकर के 125 वें जयंती वर्ष में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई, ताकि देश की युवा पीढ़ी संविधान की भावना और उसके महत्व को समझ सके। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। इसकी मर्यादा बनाए रखना, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।

कांग्रेस का इतिहास संविधान को अपमानित करने वाला रहा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान से भरा रहा है। देश में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलना, निर्वाचित राज्य सरकारों को बार-बार बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करना और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाना कांग्रेस की कार्यशैली का हिस्सा रहा है। आज संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए। संविधान केवल राजनीतिक लाभ लेने का माध्यम नहीं, बल्कि उसकी भावना, मर्यादा और मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है। आज संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को अपने इतिहास में संविधान के साथ किए गए व्यवहार का भी जवाब देना चाहिए। कांग्रेस द्वारा लगभग 90 बार अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग करके राज्यों की चुनी हुई बहुमत वाली सरकारें बर्खास्त की गईं क्योंकि उन्हें वह नेता और पार्टियां पसंद नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *