जो ग़लत के ख़िलाफ़ बोलेगा,
उसे समझाया नहीं जाएगा-
उसे तोड़ा जाएगा।
इस समाज में
इंसाफ़ नहीं होता,
यहाँ मैनेजमेंट होता है।
भीड़ से अलग चलेगा तो
जिया नहीं जाएगा,
पहले बदनाम किया जाएगा,
फिर डराया जाएगा,
और अंत में
खामोशी पहनने को मजबूर किया जाएगा।
उसे बेवकूफ़ कहा जाएगा,
क्योंकि उसने
सुविधा से सवाल कर लिया।
उसे पागल बताया जाएगा,
क्योंकि उसने
झूठ को सामान्य मानने से मना कर दिया।
यहाँ गलती करना उतना ख़तरनाक नहीं,
जितना
गलत पर शक करना।
यहाँ सच जानना अपराध है,
और सवाल पूछना
देशद्रोह।
हो सकता है वह आदमी ग़लत हो,
पर यहाँ
उसकी गलती साबित नहीं की जाती
उसकी हिम्मत कुचली जाती है।
सबूत बाद में खोजे जाते हैं,
पहले सज़ा सुना दी जाती है।
डर यहाँ हथियार है,
अलगाव यहाँ सज़ा है।
दोस्त पीछे हट जाते हैं,
रिश्ते मूकदर्शक बन जाते हैं,
और भीड़
तालियाँ बजाती है।
क्योंकि भीड़ को सच नहीं चाहिए,
भीड़ को
शांति चाहिए-
भले ही वह
कब्रिस्तान जैसी क्यों न हो।
यह दौर बहादुरी का नहीं,
अनुकूलन का है।
यहाँ सही होना नहीं,
चुप रहना समझदारी है।
और हाँ-
चुप रहना भी एक जोखिम है,
पर बोलना
सीधी जंग।
(Address : Village Bahal Arjun,PO Chakmoh, Teh Dhatwal, Distt Hamirpur, Himachal Pradesh)




One Comment
Nhà Cái xn88 sở hữu số lượng thành viên tham gia siêu khủng bởi hệ thống vận hành chuyên nghiệp, mang lại cơ hội khám phá sản phẩm đặc sắc đa dạng trên thị trường. Thương hiệu cung cấp các sảnh cược nổi tiếng như: Bắn Cá, Casino Trực Tuyến, Thể Thao, Đá Gà, Nổ Hũ TONY03-02