अवनीश कुमार गुप्ता
डिजिटल क्रांति ने विश्व व्यवस्था को नए सिरे से परिभाषित किया है। अब किसी राष्ट्र की शक्ति का आकलन केवल सैन्य क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और औद्योगिक उत्पादन से नहीं, बल्कि डेटा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और साइबर सुरक्षा पर उसके नियंत्रण से भी होता है। जिस देश के पास सूचना के संग्रह, प्रसंस्करण और संरक्षण की स्वतंत्र क्षमता होगी, वही अर्थव्यवस्था में अपनी शर्तों पर आगे बढ़ सकेगा। भारत के लिए तकनीकी आत्मनिर्भरता का अर्थ केवल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का घरेलू निर्माण नहीं, बल्कि उनके पीछे काम करने वाली तकनीक, सॉफ्टवेयर और प्रणालियों पर अधिकार स्थापित करना भी है। तकनीक का उत्पादन आत्मनिर्भरता की शुरुआत है, लेकिन उस पर नियंत्रण डिजिटल संप्रभुता की वास्तविक कसौटी है।
भारत ने डिजिटल परिवर्तन की लंबी यात्रा तय की है। आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ने शासन, बैंकिंग को नई गति दी है। मार्च 2026 तक देश में इंटरनेट ग्राहकों की संख्या लगभग 109.28 करोड़ पहुंच गई थी और प्रति वायरलेस डेटा ग्राहक औसत मासिक खपत 25.51 गीगाबाइट दर्ज की गई। ये आंकड़े डिजिटल पहुंच के विस्तार और विशाल अर्थव्यवस्था का संकेत देते हैं। लेकिन प्रश्न है कि इतनी बड़ी मात्रा में उत्पन्न सूचनाओं के स्वामित्व, प्रसंस्करण और सुरक्षा पर देश का कितना नियंत्रण है? डिजिटल सुविधा तभी राष्ट्रीय उपलब्धि बनेगी, जब नागरिक अधिकारों के साथ तकनीकी स्वायत्तता भी मजबूत हो। अन्यथा भारत सेवाओं का विशाल बाजार तो बनेगा, पर उनके संचालन की निर्णायक शक्ति कहीं और केंद्रित रह सकती है।
डिजिटल संप्रभुता का अर्थ वैश्विक तकनीकी सहयोग से दूरी बनाना या विदेशी कंपनियों के लिए बाजार बंद करना नहीं है। इसका आशय ऐसी क्षमता विकसित करना है, जिससे भारत सहयोग से रणनीतिक निर्णय स्वतंत्र रूप से ले सके। साझेदारी विकास का माध्यम होनी चाहिए, स्थायी निर्भरता का कारण नहीं। यदि बैंकिंग, सरकारी सेवाएं, स्वास्थ्य अभिलेख और संचार नेटवर्क कुछ विदेशी प्रणालियों पर अत्यधिक निर्भर हों, तो उनकी उपलब्धता, लागत और सुरक्षा बाहरी व्यावसायिक हितों से प्रभावित हो सकती है। आपूर्ति संकट या अंतरराष्ट्रीय विवाद के समय यह निर्भरता राष्ट्रीय जोखिम बन सकती है। जिस तकनीक के बिना शासन और उद्योग बाधित हों, वह केवल बाजार का उत्पाद नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है।
क्लाउड कंप्यूटिंग इस चुनौती का पक्ष है। विशाल डेटा क्लाउड प्रणालियों में सुरक्षित तथा संसाधित होता है। मेघराज पहल क्लाउड क्षमता विकसित करने का प्रयास है। अगस्त 2026 तक देश की डेटा सेंटर क्षमता 1.57 गीगावाट पहुंचने और 2030 तक लगभग आठ गीगावाट होने का अनुमान इस क्षेत्र के विस्तार को दर्शाता है। फिर भी देश में डेटा सेंटर बना लेना संप्रभुता की गारंटी नहीं। उसके सॉफ्टवेयर, सर्वर, नेटवर्क उपकरण, रखरखाव और सुरक्षा प्रबंधन पर किसका नियंत्रण है, यह भी महत्वपूर्ण है। भवन भारत में हो, लेकिन निर्णायक तकनीक बाहरी नियंत्रण में हो, तो भौगोलिक उपस्थिति को स्वतंत्रता नहीं कहा जा सकता। स्वदेशी क्लाउड प्रबंधन और सुरक्षित हार्डवेयर भी विकसित करने होंगे।
सेमीकंडक्टर उद्योग इस बहस का केंद्रीय आधार है। आधुनिक उद्योग और रक्षा प्रणालियां सूक्ष्म चिप पर निर्भर हैं। वैश्विक स्तर पर चिप निर्माण तकनीक और उपकरण कुछ देशों तथा कंपनियों में केंद्रित हैं। आपूर्ति बाधित होने का असर कारखानों से आगे पूरी औद्योगिक व्यवस्था पर पड़ता है। भारत ने सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम से घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन दिया है। सेमीकॉन 2.0 में मशीनों, निर्माण सामग्री, पैकेजिंग, अनुसंधान और प्रतिभा विकास पर जोर है। सफलता का पैमाना केवल निवेश या कारखानों की संख्या नहीं होना चाहिए। चिप डिजाइन, निर्माण तकनीक, उपकरणों और बौद्धिक संपदा में क्षमता विकसित करनी होगी। केवल संयोजन करने वाला देश तकनीकी नेतृत्व नहीं पा सकता। इसके लिए स्थिर नीतियां, पूंजी और साझा अनुसंधान जरूरी हैं।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने डिजिटल संप्रभुता को निर्णायक बनाया है। भविष्य की प्रतिस्पर्धा एल्गोरिदम और गणनात्मक क्षमता पर निर्भर होगी। भारत में इंडिया एआई मिशन के लिए 10,371.92 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत गणनात्मक संसाधन, स्वदेशी मॉडल और अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चुनौती केवल उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि भारतीय भाषाओं, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासन की जरूरतों के अनुरूप मॉडल विकसित करना है। यदि स्थानीय ज्ञान पर आधारित समाधान बनाने की क्षमता बाहरी संस्थाओं में केंद्रित रहेगी, तो निर्भरता बनी रहेगी। स्वदेशी एआई नकल नहीं, मौलिक समाधान होना चाहिए। गुणवत्तापूर्ण डेटासेट, पारदर्शी परीक्षण और शोधकर्ताओं को सस्ती गणना सुविधा देनी होगी।
निजता और डेटा की सुरक्षा इस व्यवस्था का पक्ष है। पहचान, वित्तीय गतिविधियों और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं का दुरुपयोग धोखाधड़ी, पहचान की चोरी तथा भेदभाव का कारण बन सकता है। डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 और उसके नियम, 2025 महत्वपूर्ण कानूनी आधार देते हैं। इनके क्रियान्वयन के लिए नागरिकों को सरल भाषा में सूचना, सहमति वापस लेने का विकल्प और सुलभ शिकायत निवारण मिलना चाहिए। संस्थाओं को स्पष्ट करना होगा कि कौनसी सूचना क्यों ली जा रही है, कितने समय रखी जाएगी और किससे साझा होगी। कानून की सफलता नागरिक के वास्तविक नियंत्रण और जवाबदेही से तय होगी। कानून होना सुरक्षा की गारंटी नहीं; निष्पक्ष क्रियान्वयन ही विश्वास बनाता है।
डेटा का देश में संग्रह और उस पर नियंत्रण दो अलग बातें हैं। स्थानीय सर्वर साइबर हमले, अनधिकृत पहुंच और तकनीकी कमजोरियों से अपने आप सुरक्षा नहीं देते। दूसरी ओर, हर डेटा पर कठोर स्थानीयकरण भी व्यावहारिक नहीं। व्यापार, वैज्ञानिक अनुसंधान और वैश्विक सेवाओं के लिए सुरक्षित सीमापार प्रवाह आवश्यक है। इसलिए संवेदनशीलता के आधार पर वर्गीकरण, स्पष्ट नियम और हस्तांतरण की व्यवस्था चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर निजता कमजोर न हो और निजता के नाम पर वैध सुरक्षा आवश्यकताओं की उपेक्षा भी न हो। स्वतंत्र नियामक, नियमित लेखा परीक्षण और उल्लंघन पर अनुपातिक दंड इस संतुलन को ला सकते हैं।
साइबर सुरक्षा आधारशिला है। बैंकिंग नेटवर्क, विद्युत ग्रिड, रेलवे, हवाई यातायात और दूरसंचार डिजिटल प्रणालियों से जुड़े हैं। इन पर हमला किसी एक विभाग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था और जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। रैनसमवेयर, फिशिंग, पहचान की चोरी और आपूर्ति शृंखला में घुसपैठ खतरे बढ़ा रहे हैं। सुरक्षा केवल सॉफ्टवेयर लगाने तक सीमित नहीं रह सकती। नियमित परीक्षण, त्वरित प्रतिक्रिया, महत्वपूर्ण प्रणालियों का पृथक संरक्षण, स्वदेशी सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित विशेषज्ञ जरूरी हैं। सरकार तथा निजी क्षेत्र के बीच सूचना साझाकरण बढ़ना चाहिए। विद्यालयों, पंचायतों और छोटे कारोबारों तक साइबर जागरूकता पहुंचे, क्योंकि सुरक्षा की कमजोर कड़ी अक्सर असावधान उपयोगकर्ता होता है।
तकनीकी आत्मनिर्भरता का चरण अनुसंधान और नवाचार से तय होगा। विदेशी उपकरणों का घरेलू संयोजन नेतृत्व नहीं दे सकता। चिप डिजाइन, ऑपरेटिंग सिस्टम, क्लाउड प्रबंधन, नेटवर्किंग उपकरण, साइबर सुरक्षा और मुक्त स्रोत सॉफ्टवेयर में विश्वविद्यालयों तथा उद्योगों को जोड़ना होगा। सार्वजनिक खरीद में स्वदेशी उत्पादों को अवसर मिले, पर गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता न हो। छोटे उद्यमों को वित्त, परीक्षण प्रयोगशालाएं, बौद्धिक संपदा संरक्षण और बाजार तक पहुंच चाहिए। शिक्षा को प्रमाणपत्रों से आगे वास्तविक समस्या समाधान और अनुसंधान से जोड़ना होगा। युवा प्रतिभा केवल विदेशी तकनीक चलाना सीखेगी, तो बाजार में भागीदार बनेगी, नियम बनाने में नहीं। उसे प्रयोग, असफलता और मौलिक उत्पाद विकसित करने का अवसर देना होगा।
ऊर्जा और पर्यावरण का प्रश्न भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। डेटा सेंटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की गणना के लिए भारी बिजली तथा शीतलन संसाधन चाहिए। डिजिटल विस्तार यदि ऊर्जा संकट और जल संसाधनों पर दबाव बढ़ाएगा, तो उसकी आर्थिक उपयोगिता प्रभावित होगी। इसलिए नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्ष सर्वर, जल पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल डेटा सेंटर राष्ट्रीय नीति का हिस्सा हों। तकनीकी विकास का उद्देश्य अधिक गणना करना नहीं, उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग भी होना चाहिए। डिजिटल अर्थव्यवस्था की चमक तभी टिकाऊ होगी, जब उसकी ऊर्जा लागत और पर्यावरणीय प्रभाव नियंत्रित रहें।
भारत के सामने प्रश्न वैश्विक व्यवस्था से जुड़ने या अलग रहने का नहीं, उसमें स्वतंत्र हैसियत स्थापित करने का है। डेटा, चिप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड और साइबर सुरक्षा को अलग योजनाओं के बजाय समन्वित राष्ट्रीय रणनीति में देखना होगा। आत्मनिर्भरता का अर्थ हर तकनीक अकेले बनाना नहीं, बल्कि किसी महत्वपूर्ण तकनीक के लिए एक ही बाहरी स्रोत पर विवश निर्भरता से बचना है। राजनीतिक स्वतंत्रता की तरह डिजिटल स्वतंत्रता के लिए भी निर्णय का अधिकार अनिवार्य है। भारत को डिजिटल दुनिया में उपस्थिति नहीं, अपनी शर्तों पर स्थान बनाना है। तकनीकी शक्ति वही होगी, जो डेटा का सुरक्षित उपयोग करे, तकनीक का ज्ञान विकसित करे और नागरिक अधिकारों की रक्षा करते हुए विश्वसनीय नियंत्रण स्थापित करे। तकनीकी आत्मनिर्भरता तभी पूरी होगी, जब डिजिटल संप्रभुता उसकी मजबूत नींव बनेगी।
(लेखक वरिष्ठ साहित्यकार एवं स्वतंत्र स्तंभकार हैं)



