Home » देवभूमि हिमाचल » जयराम ने सुंदरनगर के जंगमबाग भूस्खलन घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा, पीड़ित लोगों से मिले

जयराम ने सुंदरनगर के जंगमबाग भूस्खलन घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा, पीड़ित लोगों से मिले

Facebook
Twitter
WhatsApp

मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भारी बारिश के बीच शिमला से सुंदरनगर पहुँचे और यहां दो दिन पूर्व बीबीएमबी कालोनी के जंगमबाग स्थित उस जगह पहुँचे जहां 7 लोगों की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उन्होंने यहां स्थानीय सुंदरनगर के विधायक राकेश जंबाल, विधायक त्रिलोक जंबाल और बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी के साथ पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बहुत हृदयविदारक है। प्रदेशभर में ऐसी घटनाएं बहुत हो रही है लिहाजा लोग सतर्क रहें और एक दूसरे की इस आपदा की घड़ी में मदद को आगे आएं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के चलते हम शिमला में थे और बीच में हम लोगों का दुखदर्द सुनने भी आये। सरकार एक तो पहले से आपदा प्रबंधन को लेकर गम्भीर नहीं थी और दूसरे इनकी लचर तैयारियों की बजह से नुकसान बहुत ज्यादा हो रहा है। आप हालत देख ही रहे हैं कि इतनी बड़ी धार्मिक यात्रा चम्बा जिले के अंतर्गत भरमौर मणि महेश को भारी बरसात में शुरू हुई। सरकार चाहती तो मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए कुछेक श्रद्धालुओं को यात्रा पर आगे भेजती लेकिन हैरानी तब हुई जब इनके पास ऊपर कितने लोग पहुंचे इसकी भी पूरी जानकारी नहीं थी। खराब मौसम और बादल फटने की घटनाओं के बीच जब लोग उफ़नते नदी नालों में फंसे तो सरकार की लचर व्यवस्था जबाब दे गई। नेटवर्क बंद हुआ तो इनका अपनी प्रशासनिक टीम से ही संपर्क नहीं स्थापित हो सका। 10 दिन हो गए अभी तक भी कई श्रद्धालु वहां फंसे हुए हैं। ऐसी ही लापरवाही और जगह देखने को मिल रही है जहां संवेदनशील इलाके हैं वहां से लोगों को सुरक्षित निकालने में प्रशासन नाकाम हुआ है। परिणाम स्वरूप लोग घरों समेत मलबे में दफन हो रहे हैं। समय रहते एहतियातन कदम उठाए गए होते तो भूस्खलन की चपेट में इस तरह कुल्लू और सुंदरनगर में लोग नहीं आते।
सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों में समन्वय की कमी है। इसे ठीक किया जाना चाहिये। हम सहयोग के लिए तैयार बैठे हैं। कमियां बहुत हैं लेकिन हम सहयोग कर लोगों की जिंदगियां बचाने में लगे हुए हैं। हालांकि कुछ जगह प्रशासन अच्छा काम कर रहा है लेकिन सरकार के स्तर पर सहयोग न मिलने से उनकी भी परेशानियां बढ़ रही हैं। मैं एनडीआरएफ और वायु सेना का आभारी हूँ जो सूचना मिलते ही तुरंत लोगों की ज़िंदगी बचाने में लगे हुए हैं। आज सुबह जब सूचना मिली तो कुल्लू में दस मिनेट के अंदर एनडीआरएफ मौके पर पहुंची, जिससे 3 लोग बचाए जा सके और अभी भी हजारों टन मलबे के नीचे दबे 6 लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लोग हमारे आह्वान पर हर जगह मोर्चे पर तैनात हैं। जहां भी पीड़ितों को मदद चाहिये भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सेवाएं दे रहे हैं, यही सच्ची मानवता की सेवा है।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें