Home » देवभूमि हिमाचल » चार साल का जश्न मनाने के लिए शीतकालीन सत्र पहले बुला रही है हिमाचल सरकार : जयराम ठाकुर

चार साल का जश्न मनाने के लिए शीतकालीन सत्र पहले बुला रही है हिमाचल सरकार : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

धर्मशाला : विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही कांग्रेस सरकार हिमाचल विरोधी फैसले ले रही है। 4 साल के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश 40 साल पीछे चला गया। हिमाचल के विकास पर मुख्यमंत्री का ध्यान ही नहीं है। वह लॉकप्रियता और लोनप्रियता के आधार पर सरकार चला रहे हैं। उन्हें अपने 4 साल के कार्यकाल पूरा होने का जश्न मनाना है, इसलिए उन्होंने विधानसभा का सत्र पहले ही आहूत किया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने मुख्यमंत्री से शादियों के सीजन का हवाला देते हुए सत्र को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने किसी की एक भी नहीं सुनी, क्योंकि उन्हें अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न मनाने की तैयारी करनी है। हिमाचल प्रदेश विकास की दौड़ में चाहे जितना पीछे छूट जाए, लेकिन मुख्यमंत्री को अपने जश्न की चिंता है।

 

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार के 4 साल के कार्यकाल में सरकार ने नाकामी का इतिहास बनाया है। इस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। मित्र मंडली के लिए हिमाचल प्रदेश के हितों को बेचा जा रहा है। विकास की बजाय मुख्यमंत्री हिमाचल ऑन सेल की मुहिम चला रहे हैं और हिमाचल प्रदेश की संपत्तियां आने-पौने दामों पर बेच रहे हैं। प्रदेश में सरकार के भ्रष्टाचार, अराजकता और कुशासन का मुद्दा है। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे, ध्वस्त होती कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था से प्रदेश का हर एक व्यक्ति परेशान है। ये मुद्दे आज प्रदेश के चौक-चौराहों पर लोगों के बीच चर्चा के विषय हैं। भाजपा पहले दिन से ही इन मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रही है। आगे भी उठाएगी। ये मुद्दे सिर्फ विधानसभा तक सीमित नहीं रहेंगे। इन्हें हम प्रदेश के हर व्यक्ति तक ले जाएंगे।

जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद कुछ करने की बजाय दूसरे लोगों की उपलब्धियों को अपना बताने में माहिर रहे हैं। ऐसा करके वह साबित करना चाहते हैं कि हिमाचल के सच्चे और इकलौते हितैषी वही हैं। दूसरों के कामों का श्रेय लेकर वह बाकी लोगों की मेहनत और संघर्ष को नकारना चाहते हैं। उन्हें इतिहास के बारे में जानकारी होनी चाहिए। जिन उपलब्धियों को अपना बताकर करोड़ों रुपये की होर्डिंग्स छपवाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, उसके पीछे हिमाचल प्रदेश ने लंबी लड़ाई लड़ी है। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए वह खुद को हिमाचल का हितैषी घोषित कर रहे हैं। प्रदेश के सामने मुख्यमंत्री पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक और पहचान से जुड़ी संपत्तियों को बेचने की मुहिम चलाकर वह हिमाचल के हितैषी नहीं हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *