कुल्लू : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचकर मनाली में जानलेवा हमले में घायल कानूनगो और पटवारी से मिल कर उनके कुशलक्षेम जाना और उनके न्याय के लिए हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेश पर पैमाइश करने गए कानूनगो और पटवारी के साथ जिस तरह की बर्बरता की गई है, वह अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर नेताओं की यह अराजकता हिमाचल प्रदेश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। सत्ता का इससे अधिक बेशर्म और क्रूर चेहरा हो ही नहीं सकता। सत्ता संरक्षित लोगों द्वारा कानूनगो और पटवारी के साथ मारपीट जैसा गुंडागर्दी का ऐसा मामला प्रदेश में पहले कभी न सुनने को मिला और न देखने को।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस का सत्ता संरक्षित नेता प्रशासन के आदेश पर सम्मन लेकर गए अधिकारी को धमकाता है और बाद में पैमाइश करने पहुंचे कानूनगो व पटवारी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटता है, उन पर जानलेवा हमला करता है, वह हर दृष्टि से एक जघन्य अपराध है। सत्ता के संरक्षण में कुछ लोग इतने बेकाबू हो गए हैं कि वे प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और कानून का सम्मान करना भूल चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि इस मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और कठोर से कठोर धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यह कार्रवाई आगे चलकर हर सत्ता-संरक्षित माफिया के लिए एक नजीर बन सके। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने और निष्पक्ष व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वे माफिया राज के तांडव की कहानी बयान कर रही हैं और दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि कई मामलों में कांग्रेसी नेताओं की संलिप्तता या सह सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ रहे माफिया राज पर मुख्यमंत्री को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कानून का राज स्थापित करना चाहिए, ताकि आम नागरिक और सरकारी कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
टॉप स्टोरी
ज़रूर पढ़ें

Morning weather bulletin
March 21, 2026

अस्तित्व विहीन
March 21, 2026


MoU inked for JJM 2.0 between centre and Himachal Pradesh
March 20, 2026