Home » देवभूमि हिमाचल » विपक्ष को हमारा काम न सिखाएं मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम ठाकुर

विपक्ष को हमारा काम न सिखाएं मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री मुझे मेरा काम क्या है, वो न सिखाएं। मैं विपक्ष का नेता हूँ और जनता की आवाज बनकर सरकार के हर उस काम का विरोध करता रहूंगा जो जनहित में न हो। मुख्यमंत्री को आजकल हमारे सवाल पूछने से भी आपत्ति होने लगी है। मैं उन्हें स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि सब कुछ आपके ही हिसाब से नहीं चलेगा। पूरा हिमाचल आज जान चुका है कि मुख्यमंत्री झूठ खुद बोलते रहते हैं और आरोप हमारे ऊपर उछालते हैं कि हम तथ्यों पर नहीं बोलते। मंडी की रैली में क्या कुछ हुआ और किसने किसको क्या बोला क्या ये भी झूठ है। हमने आपकी तीन साल की कारगुजारी को मीडिया के माध्यम से जनता के सामने रखा तो मुख्यमंत्री तिलमिला रहे हैं। क्या आपके उप मुख्यमंत्री को हमने कहा कि आपके कामकाज पर भरी सभा में आलोचना करें। पूरे हिमाचल ने देखा कि कैसे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आपकी कार्यशैली की सरेआम खिल्ली उड़ाई और आपसे जबाब देते नहीं बना। आज तक मुख्यमंत्री भाजपा पर सवाल उठाते रहे कि यहां पांच गुट हैं।

अब मुख्यमंत्री बताएं कि आपकी पार्टी तो छोड़िए मंत्रिमंडल में कितने गुट हैं? कौन किसे कितना मान सम्मान देता है ये इनके कार्यकर्ताओं, कमर्चारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी आंखों से देखा और कान से सुना कि कैसे कर्मचारियों के हितैषी बनने वाले नेता अपने ही अधिकारियों और कर्मचारियों को धमका रहे हैं कि उन्हें रात के अंधेरे में ही निबटा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री को डंडा लेकर उन्हें सेट करने को उकसाया जा रहा है और संवैधानिक पद पर बैठे राज्य के मुखिया चुपचाप ये सुनते रहे और अब जबाब देते नहीं बन रहा है। क्या ये अराजकता नहीं है कि मुख्यमंत्री के सामने उप मुख्यमंत्री ऐसे शब्दों का प्रयोग कर कर्मचारियों और अधिकारियों को धमका रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी अगर थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो मेहरबानी करके झूठ न परोसें और विपक्ष को ये न सिखाएं कि उन्हें क्या करना है। विपक्ष जनता की आवाज़ बनकर सरकार के हर गलत फैसलों का ऐसे ही विरोध करता रहेगा और ये नैतिक दायित्व विपक्ष का बनता है कि वो रोज सत्तापक्ष को गलत करने से रोके। पूर्व मुख्यमंत्री ने दोपहर बाद शिमला के राज्य स्तिथि गृह पीटर हाफ स्थित सभा स्थल का भी निरीक्षण किया जहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का पार्टी कार्यकर्ता बिहार चुनाव में शानदार जीत पर भव्य स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र उदारता से हिमाचल प्रदेश की वित्तिय मदद कर रहा है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आपदा राहत के 1500 करोड़ रुपए मिल जाएंगे।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *