शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की हिमाचल प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल की मौजूदगी में शुरुआत की। कांग्रेस पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में रजनी पाटिल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने संसद के मॉनसून सत्र में एसआईआर पर चर्चा की माँग की, लेकिन केंद्र सरकार चर्चा के लिए राज़ी नहीं हुई और चर्चा से भागती रही। उन्होंने कहा “जिस तरह से योगी आदित्यनाथ यूपी में बुलडोज़र चला रहे हैं, वैसे ही केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज़ पर बुलडोज़र चला रही है।”
रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी भाजपा के वोट चोरी की पोल सबूतों के साथ खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल एक ही भवन में 5000 वोटर और ज़ीरो नंबर वाले घर में 1500 वोट होने के सुबूत लोगों के सामने रख चुके हैं। इसलिए उन्होंने बिहार में ‘अधिकार यात्रा’ शुरू की है और सभी प्रदेश में भी यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी के अभियान से लोगों को गड़बड़ी का पता चल रहा है कि किस प्रकार से वोटों की चोरी हो रही है।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि भाजपा चुनी हुई सरकारों पर भी डाका डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मौजूद भाजपा के स्लीपर सेल ने सरकार को गिराने की नाकाम कोशिश की, लेकिन कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार बेहतर काम कर रही है।
राहुल लड़ रहे मतदाताओं के अधिकार की लड़ाई : सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मतदाताओं के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने वोट चोरी के विरुद्ध एक संघर्ष आरंभ किया है और इस अभियान को हिमाचल प्रदेश में भी पूरी ताक़त के साथ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें दो बार चुनावों का सामना करना पड़ा। पहला बार वर्ष 2022 में जनता ने कांग्रेस पार्टी को 40 सीटें दी, लेकिन कुछ लोगों ने लोभ में आकर पार्टी को धोखा दिया और दोबारा चुनाव थोपे, लेकिन जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस के विधयाकों की संख्या फिर से चालीस हो गई। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार का साथ देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता का रुझान कांग्रेस पार्टी के प्रति देखने को मिल रहा है और सही नीतियाँ अपनाकर कांग्रेस पार्टी नया इतिहास रचने में सक्षम है।
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है और उम्मीद है कि जल्द ही पार्टी कार्यकारिणियां मंडल स्तर तक गठित कर ली जाएँगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पाँच गुटों में बँटी है और हर गुट शक्ति प्रदर्शन कर रहा है लेकिन कांग्रेस पार्टी में केवल ‘हाथ’ का गुट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीक़े से पूरा कर रही है, लेकिन सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए। राज्य की एडिशनल बॉरोइंग में हर साल 1600 करोड़ रुपए की कटौती की। वहीं राज्य सरकार को लोगों की मदद के लिए वर्ष 2023 में आई आपदा के लिए अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का पैकेज भी दिया। लेकिन काग्रेस सरकार प्रतिबद्धता के साथ हर वादे को पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकतंत्र पर सवाल खड़े हो रहे है। कई बिल विधानसभा से पास होने के बावजूद महीनों से राजभवन में लंबित हैं और राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी इंतज़ार कर रही है। उन्होंने कहा कि वाइस चांसलर की नियुक्ति के लिए बिना सरकार को जानकारी दिए विज्ञापन जारी कर दिया गया और कैबिनेट के अनुरोध को दरकिनार कर विज्ञापन की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया। उन्होंने कहा “आज चुनौतियों हैं और मुझे चुनौतियों से लड़कर लोगों की आवाज़ बनने में मजा आता है।”
इस अवसर पर एचपीसीसी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, विधायक और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




One Comment
Blackjack strategy really clicks when you start understanding probabilities. It’s cool to see platforms like jljl55 ph app slot offering guided learning – a great way to build confidence before diving into games! Seems like a solid starting point for new players.