धर्मशाला : कांगड़ा जिला के शाहपुर में पिछले कुछ दिन से भारी वर्षा हो रही है। ऊपरी क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण गज खड्ड का जलस्तर काफी बढ़ गया था। इस कारण तत्वानी पंचायत के बल्ला गांव में जलशक्ति विभाग के पेयजल आपूर्ति के कुएं में गज खड्ड का पानी घुस गया था। साथ ही शाहपुर-तत्वानी-लंज बिजली लाइन की तारें टूट गई थीं। यह लाइन तत्वानी में गज खड्ड के पास से ही गुजरती है। क्योंकि आजकल गज खड्ड में पानी बहुत है। ऐसे में बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के सामने यह बड़ी चुनौती थी कि इस लाइन को कैसे ठीक किया जाए। सलोल अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने इसके लिए योजना बनाई और इस कार्य में कुछ स्थानीय लोगों की मदद भी ली। कर्मचारियों ने गज खड्ड में उतरकर पानी में गिरे बिजली के तार बाहर निकाले और उन्हें ठीक किया। गज खड्ड में उतरे कर्मचारी को कहीं कमर तो कहीं कंधे तक पानी चढ़ गया। कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि रोज वर्षा हो रही है और गज में पानी बहुत है, यदि हम पानी कम होने का इंतजार करते तो इसके लिए हो सकता है कि डेढ़-दो महीने का इंतजार करना पड़ता। पर हमने अपने जनसेवा को महत्त्व देते हुए इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। बोले, खड्ड में उतरकर यह कार्य किया। इसमें स्थानीय लोगों की सहायता से बिजली लाइन को फिर से ठीक कर दिया।



