शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हाल ही में मूसलाधार बारिश के कारण जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है, लेकिन वहां स्थिति सामान्य हो रही है। शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उन सभी प्रभावितों को मकान किराये के रूप में पांच हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान कर रही है, जिनके घर आपदा में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने सराज क्षेत्र के लोगों से आग्रह किया है कि जिनके मकान सुरक्षित हैं, वे अतिरिक्त कमरों को प्रभावित परिवारों को किराये पर देने के लिए आगे आएं ताकि प्रभावित लोगों को आश्रय मिल सके। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वह एक बार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वह स्वयं लगातार जिला प्रशासन से संपर्क में हैं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर निरंतर फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों तक खच्चरों के माध्यम से भी खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है और कुछ मार्ग बहाल कर दिए गए हैं जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग ने रविवार के लिए रेड एलर्ट जारी किया है और प्रदेश सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार से प्रभावित क्षेत्रों में हैं जबकि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शनिवार से इन क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की निगरानी करेंगे।
मंडी में आपदा प्रभावित परिवारों को 1317 खाद्य सामग्री किट वितरित
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने जिला प्रशासन मंडी को जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं तथा उन्होंने राज्य सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनुपालना में मंडी प्रशासन ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 4 जुलाई, 2025 तक प्रभावित परिवारों को 1317 खाद्य सामग्री किट वितरित की। इनमें 5 किलो आटा, 5 किलो चावल, एक लीटर खाद्य तेल, एक किलो नमक, एक किलो चीनी, दो किलो दाल, 100 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम मिर्च पाउडर तथा 100 ग्राम चाय शामिल है। उन्होंने बताया कि मंडी जिले के थुनाग में 197, जंजैहली में 69, बगस्याड़ में 1000, धर्मपुर में 40 तथा चौंतड़ा क्षेत्र में 11 खाद्य सामग्री किट उपलब्ध करवाई गई हैं। मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली क्षेत्र के लिए 160 तथा थुनाग क्षेत्र के लिए 176 खाद्य सामग्री किट आपदा प्रभावित परिवारों में वितरण के लिए आज भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि 665 किट अभी भी स्टॉक में हैं तथा आवश्यकतानुसार वितरित की जाएंगी।




One Comment
Lovart sounds like a game-changer for designers looking to blend AI with traditional tools. The tri-modal interaction could really speed up creative workflows. Excited to see how it evolves once it’s out of beta – Lovart has potential!