शिमला : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण के साथ हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ। बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा। बजट 17 मार्च को पेश होगा। बजट सत्र के लिए 963 प्रश्न मिले हैं। भाजपा बजट सत्र की बैठकें बढ़ाने की मांग कर रही है। इस पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार को सत्र की बैठकें बढ़ाने की समस्या नहीं है, पर भाजपा विधायकों को सदन में बैठना होगा। भाजपा का काम विधानसभा का बहिष्कार हो गया है।
राज्यपाल शुक्ल ने भारतीय टीम के चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने की बधाई दी। साथ ही प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि आर्थिक संकट के बावजूद राज्य सरकार ने छह गारंटी पूरी कर दी हैं। उन्होंने अभिभाषण में केंद्रीय योजनाओं का जिक्र भी किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बजट सत्र के लिए विधानसभा पहुंचे। यहां संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान व विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की।
