हैदराबाद : तेलंगाना के एक बड़े औद्योगिक समूह के प्रमुख की घर में हत्या हो गई। मरने वाले बुजुर्ग की उम्र 86 वर्ष है। उनकी हत्या का आरोप नाती पर लगा है। घटना में बड़ा एंगिल यह है कि चाकू से हत्या की गई और 70 से ज्यादा बार चाकू मारा गया है। हत्या का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना हैदराबाद शहर की है। आरोपी दूसरे क्षेत्र में मां के साथ रहता था। घटना वाले दिन नाना के घर आया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी की मां भी साथ थी। उसने बीच-बचाव की कोशिश की, पर वह अपने बेटे को रोकने में सफल नहीं हो सकी।
हत्या के आरोपी का कहना है कि उसके नाना का बचपन से उनके प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। वह संपत्ति बांटने से भी इनकार कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि चाकू कितनी बार मारा, इसकी सही संख्या का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। आरोपी मास्टर्स की पढ़ाई के बाद अमेरिका से लौटा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी है। बीच बचाव में घायल हुई आरोपी की मां को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला का इलाज चल रहा है।
