मंडी/धर्मशाला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिला के जोगिन्द्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल में हुई सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
लडभड़ोल तहसील के अंतर्गत एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में चार नाबालिगों सहित छह युवकों की मौत हो गई। यह हादसा देर रात उस समय हुआ, जब सभी युवक पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह से घर लौट रहे थे। सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह के समय एक बाइक सवार युवक ने खाई में गिरी दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।


