हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में शादी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। भोरंज के एक गांव में मां की तबीयत खराब बताकर मायके गई दुल्हन लौटकर नहीं आई। दुल्हन गहने भी साथ ले गई है। जिस व्यक्ति ने शादी करवाई है, वह फोन नहीं उठा रहा। गहने व डेढ़ लाख रुपये गंवाने वाले ने पुलिस थाना भोरंज में केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है। शादी करवाने वाले बिचौलिये की तलाश की जा रही है। शिकायतकर्ता व्यक्ति मंडी जिला की तहसील सरकाघाट का है। उसने शादी करवाने के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए थे। 13 दिसंबर, 2024 को भोरंज कोर्ट में शादी हुई थी। युवती के जन्म का प्रमाणपत्र न होने कारण वकील ने शपथपत्र के माध्यम से शादी करवाई थी। परिवार के लोगों के समक्ष विधि विधान से मंदिर में शादी की थी।
शादी के बाद दुल्हन ने यमुनानगर, हरियाणा जाने की जिद की कि उसकी मां बहुत बीमार है। इसके बाद 18 दिसंबर को दूल्हा उसके साथ यमुनानगर के एक अस्पताल पहुंचा। वहां पर उन्हें बताया गया कि इसकी मां आईसीयू में है और मिलने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद दुल्हन ने पति को घर भेज दिया। इसके बाद दुल्हन का कोई पता नहीं है कि कहां चली गई।
