Home » देवभूमि हिमाचल » गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है, अराजकता का माहौल खड़ा करने से आएं बाज़ : जयराम ठाकुर

गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है, अराजकता का माहौल खड़ा करने से आएं बाज़ : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

मंडी : ​पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” रंगोली कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया और इसके उपरांत आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक में भी शिरकत की। इस अवसर पर मंडी के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के पश्चात मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल और समर्पित सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस प्रकार के विशेष व प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और आज संपूर्ण देशवासी यही हृदय से चाहते हैं कि आगामी 25 वर्षों तक भी नरेंद्र मोदी ही देश का कुशल नेतृत्व करते रहें।

प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर करारा हमला बोला और कहा कि मुख्यमंत्री को शायद ऐसा लगता है कि वे हॉलीलॉज को डिसलाॅज करने में पूरी तरह सफल रहे हैं, लेकिन उनकी यह सोच बिल्कुल सही नहीं है जिस नेता का हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास में विशेष योगदान रहा हो, उन्हें इस प्रकार से भुला देना और उनका निरंतर निरादर करना केवल और केवल कांग्रेस पार्टी की ही संकीर्ण संस्कृति हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की हालिया बयानबाजी के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर जारी भीषण गुटबाजी अब पूरी तरह से सतह पर आ चुकी है और साफ नज़र आ रही है। मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा के अंदर गुट गिनाते रहते हैं, लेकिन आज वे खुद अपने भीतर झांककर देख लें कि कांग्रेस में एक नहीं बल्कि अनगिनत गुट पैदा हो चुके हैं तथा पार्टी के नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसके अलावा दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है, इसलिए कांग्रेस नेताओं को देश में अराजकता का माहौल खड़ा करने से पूरी तरह बाज़ आना चाहिए और संवैधानिक पदों का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राहुल गांधी पड़ोसी देश बांग्लादेश के वर्तमान राजनीतिक हालात से बहुत ज्यादा प्रभावित हैं और उन्हें यह गलतफहमी हो गई है कि देश में अराजकता फैलाकर चुनी हुई सरकार को गिराया जा सकता है, लेकिन वे बहुत बड़ी गलतफहमी में जी रहे हैं।

खारसी में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर
मंडी: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज की ग्राम पंचायत खारसी के थाची में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में शिरकत की। यह आयोजन संत शिरोमणि गुरु रविदास की पावन स्मृति और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया था।
​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का सच्चा मार्ग दिखाया है। उनके विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पहले थे। उन्होंने जोर दिया कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं हमें जाति-पांति और पंथ से ऊपर उठकर एक एकजुट, समरस और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं। नेता प्रतिपक्ष ने लोगों से गुरु रविदास जी के दर्शाए मार्ग पर चलने और समाज में शांति, सद्भाव व समानता का माहौल बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *