मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत करते हुए सभी सफल प्रतिनिधियों को बधाई दी और उन्हें पूर्ण निष्ठा, समर्पण तथा जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने का आह्वान किया। इससे पूर्व यहां पहुंचे पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में भव्य स्वागत हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखे हमले बोले और आरोप लगाया कि पंचायती राज संस्थाएँ लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने चुनाव टालने के हर संभव हथकंडे अपनाए और अंततः माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही ये चुनाव संपन्न हो सके, जिसमें जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव भाजपा के कड़े संघर्ष और प्रयासों का ही परिणाम हैं, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तो पंचायत प्रतिनिधियों को प्रधान पद पर देखना ही नहीं चाहते थे।
प्रदेश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ‘तालाबंदी’ ही सुक्खू गवर्नेंस का मुख्य मॉडल बन चुका है और चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है जहाँ भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी। मुख्यमंत्री के हालिया दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी हालात बेहद खराब हैं, जहाँ कुछ मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और कुछ विधायक खुद को मंत्री बनवाने के लिए दिल्ली दौरे पर गए थे, लेकिन कांग्रेस हाईकमान और राहुल गांधी ने उन्हें मिलने का समय तक नहीं दिया। उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री जनसभाओं में बिना किसी संवैधानिक प्रक्रिया और लोकभवन की औपचारिक चिट्ठी के ही मंत्री पद बांटने की घोषणाएं कर देते हैं, जिससे एक साल से इंतज़ार कर रहे विधायक हताश घूम रहे हैं। एक विधायक तो बेचारा दुबला पतला हो गया है जो रोज इनके आगे पीछे घूमता रहता है।
राजनीतिक आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मंडी जिले ने 2017 और 2022 के चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया और 2027 के विधानसभा चुनावों में भी मंडी की सभी 10 की 10 सीटें भाजपा ही जीतेगी, वहीं कांगड़ा से भी अबकी बार अच्छा माहौल है और भाजपा यहां भी कम से कम 12 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने शिमला और हमीरपुर जिला परिषद चुनावों में भाजपा का परचम लहराने का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले और संसदीय क्षेत्रों में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और अब मुख्यमंत्री अपने लिए सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं। शिमला जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के कब्जे को लोकतंत्र की जीत बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता के दम पर जन प्रतिनिधियों को धमकाने और डराने की पूरी कोशिश की, लेकिन जनता और प्रतिनिधियों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दे दिया है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रहे हैं, जिसके तहत भाजपा के 13 विधायकों और पूर्व विधायकों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं तथा अधिकारियों पर फर्जी मामले बनाने का दबाव डाला जा रहा है।
उन्होंने भाजपा कार्यकाल की अति लोकप्रिय ‘हिमकेयर योजना’ को बंद करने और उसे बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा में 1100 करोड़ के घोटाले का अनर्गल दावा करते रहे, जबकि योजना की शुरुआत से अब तक कुल 850 करोड़ रुपये ही खर्च हुए हैं। अपनी फजीहत के बाद अब मुख्यमंत्री 100 करोड़ की गड़बड़ी की बात कहकर पुलिस अधिकारियों को जांच में लगा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को खुले मंच से चुनौती दी कि वे योजना में घोटाला साबित करके दिखाएं, अन्यथा राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही इस राजनीति से प्रेरित जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने भी सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से बिना किसी दबाव में आए ईमानदारी से जनसेवा करने तथा भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।
ब्रिक्स सम्मेलन में भारत का बढ़ा कद, मोदी जी के नेतृत्व में विश्व पटल पर मजबूत हो रहा है देश का दबदबा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन ने विश्व पटल पर देश के बढ़ते प्रभाव और प्रधानमंत्री जी के मजबूत वैश्विक नेतृत्व को एक बार फिर स्थापित किया है। भारत ने सम्मेलन के माध्यम से विकासशील देशों की आवाज़ को मजबूती से उठाते हुए वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में उनकी अधिक भागीदारी की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से सामने रखा। व्यापार, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में हुए प्रयास भारत के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की बदलती व्यवस्था में केवल अपनी भूमिका निभाने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा तय करने और दुनिया को नई दिशा देने वाली प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। ब्रिक्स में भारत की प्रभावी भूमिका प्रधानमंत्री मोदी के बढ़ते वैश्विक कद और विश्व समुदाय में भारत के बढ़ते प्रभाव का स्पष्ट प्रमाण है।


