Home » देवभूमि हिमाचल » अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: कमलेश ठाकुर

अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: कमलेश ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरा (कांगड़ा) : देहरा विधानसभा क्षेत्र को एक सुदृढ़ प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इसी कड़ी में गुरुवार को देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एवं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के लिए बनने वाले आवासीय भवनों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

परियोजना के तहत 1.12 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति से दो आधुनिक टाइप-4 आवासीय क्वार्टर निर्मित किए जाएंगे, जिनके निर्माण पर 89.64 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इस परियोजना का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है।
इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार देहरा को एक सुदृढ़ प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के नए कार्यालय स्थापित होने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी चाहता है कि उसका परिवार उसके कार्यस्थल के समीप रहे। इसी सोच के अनुरूप सरकार कार्यालयों के साथ-साथ आवासीय अधोसंरचना का भी निरंतर विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि एएसपी एवं डीएसपी के लिए बनने वाले आधुनिक आवास पुलिस अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएंगे, जिससे वे अधिक दक्षता एवं समर्पण के साथ आमजन को अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचे का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से देहरा में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आधुनिक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित तय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संदीप धवल, एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, तहसीलदार कर्मचंद कालिया, सहायक पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एच एल शर्मा, अधिशाषी अभियंता बलवीर ठाकुर , विद्युत वालेश शर्मा, पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तथा कांग्रेस कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *