Home » देवभूमि हिमाचल » वैचारिक रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता भाजपा की बड़ी ताकत : जयराम

वैचारिक रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता भाजपा की बड़ी ताकत : जयराम

Facebook
Twitter
WhatsApp

मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गौरवशाली इतिहास राष्ट्र प्रथम की भावना, अंत्योदय के संकल्प, सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मूल्यों पर आधारित रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कोयला माता मंदिर, राजगढ़ में आयोजित मंडी अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में भाजपा की यात्रा लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन ने संगठन को वैचारिक मजबूती प्रदान की, जिसके बल पर भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। इस दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस राष्ट्रीय अभियान का सहभागी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को विचार, संस्कार, संगठन और राष्ट्रसेवा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे भाजपा की विचारधारा, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। इस अवसर पर विधायक इंद्र सिंह गांधी, प्रकाश राणा जी, पूर्णचंद ठाकुर, त्रिलोक जम्वाल, भाजपा मंडी जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा सहित जिला मंडी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बल्ह में जयराम ठाकुर ने किया डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज जिला मंडी के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केंद्र कैहड़ के बूथ संख्या 89 में डिजिटल प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण देकर संगठन की कार्यक्षमता और जनसंपर्क को नई मजबूती प्रदान करेगा।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *