Home » देवभूमि हिमाचल » भाजपा को जमीनी स्तर पर मिला प्रचंड जनादेश, कांग्रेस के नेताओं के पैरों तले जमीन नहीं : जयराम ठाकुर

भाजपा को जमीनी स्तर पर मिला प्रचंड जनादेश, कांग्रेस के नेताओं के पैरों तले जमीन नहीं : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

शिमला : शिमला स्थित अपनी आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हालिया जनादेश में जनता का संदेश पूरी तरह स्पष्ट है। प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है और कांग्रेस को जनता के इस निर्णय का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनादेश का संदेश समझते हुए लोकतंत्र की मर्यादाओं के भीतर कार्य करना चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री अभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। नवनिर्वाचित भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों के घरों की पैमाइश करवाई जा रही है। उन पर दबाव बनाने तथा उन्हें धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का सम्मान करे और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को डराने-धमकाने की राजनीति बंद करे। उन्होंने प्रदेश भर में भाजपा को मिला व्यापक जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने जमीनी स्तर पर मिले स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए प्रदेश की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं और मुख्यमंत्री के बीच चल रही खींचतान ने सरकार की वास्तविकता को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को जमीनी जनादेश मिल चुका है और कांग्रेस नेताओं के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है। यही कारण है कि कांग्रेस नेतृत्व जनता के फैसले को स्वीकार करने के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगा हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस का प्रदेश उपाध्यक्ष सार्वजनिक रूप से अटैचियां इकट्ठा करने और उन्हें इधर-उधर बांटने जैसे गंभीर आरोप लगाता है, तो ऐसे आरोपों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कांग्रेस को प्रदेश की जनता के सामने इन आरोपों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री को उन अटैचियों की हकीकत बतानी चाहिए। क्योंकि यह सरकार अपने पहले दिन से ही भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। हर जगह से लोगों को डरा धमका कर उगाही करने की खबरें आए दिन सामने आती रही हैं। इंडस्ट्रियल एरिया में तो सत्ता संरक्षित लोगों ने हद बार कर दी है। विमल नेगी की दु:खद मृत्यु के मामले में सीबीआई की चार्जशीट में भ्रष्टाचार स्पष्ट रूप से उजागर है। इसलिए मुख्यमंत्री का कोई भी बयान सरकार के भ्रष्टाचार पर पर्दा नहीं डाल सकता।

कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद वार्ड चमियाणा से नव निर्वाचित जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने आज नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार भेंट की। भाजपा समर्थित खुश विक्रम सेन ने चमियाणा वार्ड से ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन को नई दिशा दी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान, कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा चमियाणा वार्ड के अंतर्गत आने वाले भाजपा समर्थित प्रधान, उपप्रधान, ब्लॉक समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नेता प्रतिपक्ष ने सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

ओमान की खाड़ी में लापता हमीरपुर के आदित्य शर्मा के पिता जी से जयराम ठाकुर ने की बात, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी हमले के दौरान लापता हुए हमीरपुर के युवा आदित्य शर्मा के पिता से दूरभाष पर बातचीत कर गहरी संवेदना एवं चिंता व्यक्त की। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को धैर्य बनाए रखने का आग्रह करते हुए आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा हर संभव सहायता और आवश्यक समन्वय के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है और आदित्य शर्मा की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने परिजनों को हर प्रकार से सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *