नाहन/अंबाला : हरियाणा के अंबाला में एक महिला की हत्या कर उसका शव हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के जंगल में जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में यह मामला प्रेम संबंध, धोखे और हत्या से जुड़ा निकला।
मृतका की पहचान 31 वर्षीय महिला के रूप में हुई है, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। 12 मई को वह अपनी मां की मेडिकल रिपोर्ट लेने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार ने तलाश शुरू की तो उनका फोन बंद मिला।
पुलिस के अनुसार, उसका पिछले करीब छह साल से एक युवक के साथ संबंध था। आरोपी बराड़ा क्षेत्र में इन्वर्टर रिपेयर का काम करता था। बताया गया कि उसने अपनी शादीशुदा होने की बात महिला से छिपाई थी। बाद में जब महिला को सच्चाई पता चली तो वह शादी का दबाव बनाने लगी। इसी के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला को एक किराये के कमरे में बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। महिला की मौत होने के बाद शव को बड़े बैग या बोरे में पैक किया गया। बाद में वह शव को कार में डालकर लगभग 100 किलोमीटर दूर हिमाचल के सिरमौर जिले के जंगलों में ले गया और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की।
मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और एक रेहड़ी चालक की मदद से हुआ। फुटेज में आरोपी भारी बैग ले जाते दिखा। सिरमौर में मिले अधजले शव की जानकारी हिमाचल पुलिस से मिली तो हरियाणा पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। उससे पूछताछ जारी है ताकि हत्या में इस्तेमाल सामग्री और पूरी साजिश की जानकारी जुटाई जा सके।


