Home » देवभूमि हिमाचल » कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश, पंचायत चुनाव भाजपा जीतेगी : जयराम ठाकुर

कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश, पंचायत चुनाव भाजपा जीतेगी : जयराम ठाकुर

Facebook
Twitter
WhatsApp

मंडी : ​पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग अब वोट के माध्यम से इसका जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अब कांग्रेस के नेता और इनके मंत्री आपके बीच आयेंगे तो इनसे ये बात जरूर पूछें कि आपने विकास के काम आखिर करने कब हैं। क्यों हमारी मांग पर खोले संस्थान बंद कर दिए और क्यों विकास के काम नहीं हो रहे हैं? जंजैहली में आयोजित सराज भाजपा मंडल की संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए जयराम ठाकुर ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने आपदा का बहाना बनाकर पंचायती राज एवं स्थानीय निकायों के चुनाव टालने का हरसंभव प्रयास किया था, लेकिन जब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुँचा, तब जाकर चुनाव प्रक्रिया शुरू हो पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से इसलिए भाग रही थी क्योंकि उसके पास साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है और विकास के नाम पर धरातल पर काम पूरी तरह शून्य है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य केवल केंद्र से मिल रही वित्तीय मदद और 191 केंद्रीय योजनाओं के सहारे ही चल रहे हैं, जबकि राज्य सरकार के पास अपने बजट से काम करवाने के लिए पैसा तक नहीं है। जयराम ठाकुर ने विकास की गति रुकने पर चिंता जताते हुए कहा कि आज गांवों में विकास कार्यों के लिए वीबीजी राम जी योजना के तहत पैसा आया हुआ है, लेकिन पंचायतों के अभाव में उसे खर्च नहीं किया जा पा रहा है, जिससे आम जनता को योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं और केंद्र पर दोषारोपण करने से उनकी जवाबदेही कम नहीं होगी, उन्हें जनता को हिसाब देना होगा कि आखिर साढ़े तीन साल में विकास क्यों ठप रहा, क्यों आपदा प्रभावितों को उचित मुआवजा नहीं मिला और क्यों स्वास्थ्य व पेयजल जैसी मूलभूत सेवाओं में सुधार नहीं हुआ।

जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि मुख्यमंत्री जनता के बीच जाने से भी कतरा रहे हैं, जो स्पष्ट करता है कि सरकार अपना विश्वास खो चुकी है। बैठक के दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सशक्तिकरण और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं के उत्साह व समर्पण को देखते हुए यह विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में भाजपा भारी बहुमत के साथ विजय का परचम लहराएगी। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और भाजपा परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *