Home » देवभूमि हिमाचल » मुख्यमंत्री सुक्खू ने ट्रैक्टर संचालकों को राहत प्रदान की : केवल पठानिया

मुख्यमंत्री सुक्खू ने ट्रैक्टर संचालकों को राहत प्रदान की : केवल पठानिया

Facebook
Twitter
WhatsApp

 

शाहपुर (कांगड़ा) : शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैत के चंबी मैदान में आज ट्रैक्टर संचालकों द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने हेतु एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ट्रैक्टर संचालकों को राहत प्रदान करना सराहनीय कदम है, जिसके लिए समस्त क्षेत्रवासी उनके आभारी हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के डीजीपी द्वारा भी निर्देश जारी किए गए हैं कि ट्रैक्टर संचालकों को बेवजह परेशान न किया जाए।उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने स्वयं विधानसभा में उठाया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए ट्रैक्टर संचालकों को राहत देने का निर्णय लिया। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो खनन नीति में जनहित को ध्यान में रखते हुए संशोधन किया जाएगा, ताकि ट्रैक्टर संचालक अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से कर सकें।
पठानिया ने कहा कि एक ट्रैक्टर से चार से पांच परिवारों की आजीविका जुड़ी होती है। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में ट्रैक्टर संचालकों के लिए एकमुश्त टैक्स प्रणाली लागू करने पर भी विचार किया जाएगा, जिससे उन्हें बार-बार अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकांश ट्रैक्टर संचालक केवल बरसात के दौरान खड्डों में इकट्ठा हुई रेत-बजरी ही लाते हैं और अवैध खनन में संलिप्त नहीं होते। उन्होंने ट्रैक्टर संचालकों से अपील की कि वे शीघ्र ही एक कमेटी का गठन करें, ताकि उनके प्रतिनिधि संगठित रूप से अपनी बात सरकार के समक्ष रख सकें।
ट्रैक्टर यूनियन के प्रधान सुदर्शन कटोच ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री एवं केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उनकी समस्याओं को समझते हुए राहत प्रदान की है, जिसके लिए सभी ट्रैक्टर संचालक कृतज्ञ हैं। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू ने भी मुख्यमंत्री एवं उपमुख्य सचेतक का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर संचालकों ने रजोल से चंबी तक जोरदार नारों के साथ ट्रैक्टर रैली निकाली, जिससे पूरा क्षेत्र मुख्यमंत्री ज़िंदाबाद के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात चंबी मैदान में भी केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश चौधरी, नवनीत शर्मा, सुशील शर्मा, अजय कुमार, सोनू पठानिया, बलवीर चौधरी, सुनील, चैन सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रैक्टर संचालक उपस्थित रहे।

speedpostnews
Author: speedpostnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *