शिमला : हिमाचल में शनिवार सुबह बादल घने हैं। एक बार फिर से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। यानी 11 जनवरी से हिमपात और वर्षा हो सकती है। दो दिन इसी तरह का मौसम रह सकता है। इस तरह की संभावना तीन जनवरी से सात जनवरी तक भी जताई गई थी। इन पांच दिनों में लाहुल-स्पीति में हिमपात तो लगातार होता रहा। वर्षा सिर्फ मंडी और कुल्लू के कुछ स्थानों पर ही हुई। हालांकि अभी वर्षा के इंतजार में इतनी मारामारी नहीं है। क्योंकि 2024 जाते-जाते एक ही वर्षा में इतना बरस गया था कि लोगों की तसल्ली करवा दी थी। लोग दिल से कह उठे थे कि अच्छी वर्षा हो गई। पिछले 3-4 महीने की कमी भी पूरी हो गई। अब देखना यह है कि दो दिन मौसम कैसा रहता है। पर शनिवार का मौसम देख दो दिन बारिश की संभावना ज्यादा लग रही है।
साफ मौसम में कोहरे के साथ शीतलहर ने लोगों के नाम में दम किया, मैदानी क्षेत्रों में हालात दूभर
प्रदेश में कुछ दिन से साफ मौसम में कोहरा पड़ रहा है। शीतलहर चल रही है। शुक्रवार को देहरा, बिलासपुर व ऊना में दृश्यता 50 मीटर रही। मंडी व सुंदरनगर में भी 50 मीटर तक दृश्यता रह चुकी है। कभी 100 मीटर भी रही। हिमाचल में सबसे कम तापमान लाहुल-स्पीति जिला के ताबो में -11.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जिन अन्य स्थानों पर माइनस में तापमान चल रहा है, उनमें लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी व समधो जैसे स्थान दबदबा बनाए हुए हैं। कोहरा पड़ने के बाद मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और पंजाब के साथ लगते कांगड़ा के स्थानों में भी तापमान में काफी गिरावट आई है। दो दिन बारिश की संभावना ज्यादा लग रही है
